भुवनेश्वर, 26 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और रविवार को राज्य के औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा में सबसे अधिक 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी ओडिशा के सात स्थानों पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। इनमें झारसुगुड़ा (44.8 डिग्री सेल्सियस), सोनपुर (43.7 डिग्री), टिटलागढ़ (43.6 डिग्री), भवानीपटना (43.4 डिग्री), बोलांगीर (43.1 डिग्री), बौध और संबलपुर (43 डिग्री) शामिल हैं।
पश्चिमी ओडिशा के अन्य गर्म स्थानों में सुंदरगढ़ (42.8), राउरकेला (42.7), नुआपड़ा (42.5), हीराकुड (42.4), अंगुल (41.9), तालचर (41.5) और नयागढ़ (42.5 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।
आईएमडी द्वारा रविवार शाम को जारी बुलेटिन के अनुसार, ओडिशा के कम से कम 17 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
हालांकि, भुवनेश्वर समेत राज्य के तटीय इलाकों में कुछ राहत रही। राज्य की राजधानी में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कटक में अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे तटीय क्षेत्र में तापमान में कम से कम एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, लेकिन उच्च सापेक्ष आर्द्रता के कारण लोगों को परेशानी महसूस हुई।
भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि राज्य के तटीय जिलों में तापमान में गिरावट बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में तटीय क्षेत्रों में दिन के तापमान में कोई खास बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, पुरी, जगतसिंहपुर, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति सहित 11 जिलों में गर्म और आर्द्र स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने सोमवार को दोपहर/शाम के समय गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मयूरभंज और बालासोर जिलों में मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाओं (हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना) के साथ-साथ तूफान आने की संभावना के मद्देनजर ‘येलो अलर्ट’जारी की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन माझी ने भीषण गर्मी के मद्देनजर सोमवार (27 अप्रैल) को निर्धारित जन शिकायत सुनवाई सत्र को स्थगित कर दिया है।
सीएमओ ने कहा, ‘‘ भीषण गर्मी के बीच आगंतुकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, सोमवार को होने वाली सुनवाई स्थगित की जा रही है।जन शिकायत सत्र की अगली तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।’’
इसी बीच, राज्य सरकार ने विद्यालयों में गर्मियों की छुट्टियां सोमवार (27 अप्रैल) से ही करने का फैसला किया है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.