scorecardresearch
Saturday, 23 May, 2026
होमदेशराजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, जैसलमेर में पारा 45.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, जैसलमेर में पारा 45.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

Text Size:

जयपुर, 23 मई (भाषा) राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर शनिवार को भी जारी रहा। सीमावर्ती जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य के अधिकांश शहरों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार, शनिवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बाड़मेर में 45.1 डिग्री, फलोदी में 45.0 डिग्री, श्रीगंगानगर में 44.6 डिग्री, पिलानी में 44.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 44.0 डिग्री, कोटा में 43.8 डिग्री, लूणकरणसर में 42.6 डिग्री तथा फतेहपुर में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, दोपहर बाद चली धूल भरी आंधी से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। राज्य में 24 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है तथा राज्य के कुछ क्षेत्रों में लू और कहीं-कहीं भीषण लू चलने का अनुमान है।

हालांकि, शनिवार को राज्य के कुछ भागों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस अवधि में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में दर्ज किया गया।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments