कोच्चि, 11 अक्टूबर (भाषा) केरलम को सऊदी अरब और पश्चिम एशिया के अन्य गंतव्यों से जोड़ने वाली कई उड़ानें क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच रद्द कर दी गई हैं। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (सीआईएएल) ने एक बयान में कहा कि सऊदी अरब के विभिन्न गंतव्यों और कोच्चि के बीच उड़ानें संचालित करने वाली कुछ विमानन कंपनियों ने मौजूदा भू-राजनीतिक हालात के कारण 11 से 13 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द किए जाने की जानकारी दी है।
बयान में कहा गया कि कोच्चि और दोहा तथा रास अल खैमाह के बीच संचालित कुछ उड़ानें भी रद्द की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को प्रभावित उड़ानों में कोच्चि और रियाद के बीच संचालित फ्लाइनास की एक उड़ान, कोच्चि और दोहा के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें, रियाद जाने वाली अकासा एयर की एक उड़ान, जेद्दा जाने वाली एक उड़ान और रास अल खैमाह जाने वाली इंडिगो की उड़ान शामिल हैं।
बारह अक्टूबर को अकासा एयर की जेद्दा से कोच्चि आने वाली एक उड़ान , रियाद से कोच्चि आने वाली एक उड़ान और कोच्चि से रियाद जाने वाली एक उड़ान रद्द कर दी गई हैं। अकासा एयर की 13 अक्टूबर को भी रियाद से कोच्चि आने वाली एक उड़ान रद्द रहने की जानकारी दी गई है।
सीआईएएल ने बताया कि तीन दिन में कोच्चि हवाई अड्डे पर कुल 10 उड़ानों को रद्द किए जाने की जानकारी मिली है। इनमें से पांच उड़ान अकासा एयर की हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले संबंधित विमानन कंपनी से सीधे अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
इस बीच, हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित होने वाली तीन उड़ानों को भी रद्द कर दिया गया।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.