scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ के भिलाई इस्पात संयंत्र में आग लगने से सात मजदूर घायल

छत्तीसगढ़ के भिलाई इस्पात संयंत्र में आग लगने से सात मजदूर घायल

Text Size:

दुर्ग, सात अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की एक इकाई में आग लगने से सात मजदूर घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

संयंत्र के एक अधिकारी ने बताया कि भिलाई शहर में स्थित बीएसपी की स्टीम टर्बो जेनरेटर – चार टर्बाइन यूनिट में सुबह करीब 10 बजे आग लग गई। अचानक आग लगने से टर्बाइन हॉल में चारों ओर भारी धुआं फैल गया।

अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही संयंत्र के दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कम से कम सात मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को जलने से चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए भिलाई शहर के सेक्टर-नौ स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया जा रहा है।

अस्पताल के चिकित्सक के अनुसार, छह मजदूरों को भर्ती कर लिया गया है, जबकि एक अन्य घायल मजदूर को अस्पताल लाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने और नुकसान का आंकलन करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा सं संजीव मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments