रांची, 20 मार्च (भाषा) ईद, सरहुल और राम नवमी के मद्देनजर झारखंड में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भीड़-भाड़ पर नजर रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन लगाये जा रहे हैं और वीडियो कैमरों से लैस सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जा रहा है।
ईद अल-फितर और जनजातीय त्योहार सरहुल शनिवार को मनाया जाएगा जबकि राम नवमी 27 मार्च को मनाई जाएगी।
बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के किसी भी प्रयास के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने कहा, ‘‘आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशों के मद्देनजर एक बैठक आयोजित की गई। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही पर्याप्त तैयारी रखें।’’
उपायुक्त ने कहा, ‘‘मैंने अधिकारियों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान करने का निर्देश दिया है। वहां पर्याप्त मजिस्ट्रेटों और पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए।’’
धनबाद में 30 से अधिक संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। धनबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि जुलूसों और शोभा यात्राओं के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए इन स्थानों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) तैनात किए गए हैं।
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा, “मैंने सभी से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।”
जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.