देहरादून, 23 नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने तथा धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट के निर्माण की घोषणा की।
पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के मौके पर मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं ।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
धामी ने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग एवं देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए भी सरकारी सहयोग देने की घोषणा की ।
अलकनंदा नदी के तट पर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर को समृद्ध धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नयी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। इस संबंध में उन्होंने केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को विकसित किए जाने की अन्य योजनाओं का जिक्र किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। स्टॉलों पर प्रदर्शनी देखने के दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
भाषा दीप्ति धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.