नई दिल्ली: सत्या निकेतन में 6 सितंबर को हुई बिल्डिंग गिरने की घटना के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार को सुधांशु और शुभम त्यागी को 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. इस हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी.
शुभम त्यागी ने पटियाला हाउस कोर्ट में सरेंडर किया था. वह कथित PG ऑपरेटर और सुधांशु का पार्टनर है. कोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत की अर्जी गुरुवार को खारिज कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया.
दिल्ली पुलिस ने दोनों की 2 दिन की हिरासत मांगी थी. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ करनी है और शुभम का मोबाइल भी बरामद करना है.
कोर्ट ने बिल्डिंग मालिक के बेटे महेश गुप्ता और लेबर ठेकेदार सानोज को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. दोनों और सुधांशु को पहले 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था.
पुलिस के मुताबिक, बिल्डिंग की बिजली कनेक्शन हरिराम गुप्ता के नाम पर था, जबकि इसका प्रबंधन उनके बेटे महेश गुप्ता के पास था. संपत्ति उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता के नाम पर दर्ज है. पुलिस ने इस मामले में हरिराम गुप्ता, उर्मिला गुप्ता और महेश गुप्ता को भी गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, बिल्डिंग गिरने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है. कुल 12 लोगों को बचाया गया, जिनमें से 7 की मौत हो गई. मृतकों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं.