लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 18 सितंबर को 34 जिलों की 157 तहसीलों में मेगा मॉक एक्सरसाइज होगी. इसमें भूकंप, रासायनिक रिसाव और आग जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारी को वास्तविक स्थिति के करीब जाकर जांचा जाएगा.
अभ्यास में खोज और बचाव, लोगों की सुरक्षित निकासी, चिकित्सा सहायता, राहत और अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल की भी जांच होगी. स्कूल, अस्पताल, सरकारी कार्यालय, बहुमंजिला इमारतों और औद्योगिक इकाइयों में आपदा से निपटने की तैयारियां परखी जाएंगी.
अभ्यास के दौरान भूकंप के कारण ट्रेन के पटरी से उतरने की स्थिति का भी विशेष अभ्यास किया जाएगा. हर जिले में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र और घटना प्रतिक्रिया दल सक्रिय किए जाएंगे. पूरे अभ्यास की राज्य स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निगरानी की जाएगी.