scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशबिहार विधानसभा में आज विश्वास मत हासिल करेगी सम्राट चौधरी सरकार

बिहार विधानसभा में आज विश्वास मत हासिल करेगी सम्राट चौधरी सरकार

Text Size:

पटना, 24 अप्रैल (भाषा) बिहार में हाल ही में बनी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार शुक्रवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के लिए तैयार है।

विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी एक दिवसीय विशेष सत्र की कार्यसूची के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में यह प्रस्ताव पेश करेंगे कि ‘‘यह सदन राज्य की वर्तमान मंत्रिपरिषद में अपना विश्वास व्यक्त करता है।’’

सम्राट चौधरी इसी महीने राज्य में सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले भाजपा नेता बने। यह बदलाव नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद हुआ, जिन्होंने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।

नयी सरकार में जनता दल यूनाइटेड के केवल दो नेताओं विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को शामिल किया गया है और दोनों को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।

बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विजय कुमार चौधरी ने कहा था कि नई सरकार को नीतीश कुमार का ‘‘आशीर्वाद’’ प्राप्त है और यह उनके पदचिह्नों पर चलते हुए काम करेगी। उन्होंने यह विश्वास भी जताया था कि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रचंड बहुमत के कारण सरकार आसानी से विश्वास मत हासिल कर लेगी।

बिहार में भारतीय जनता पार्टी नीत गठबंधन में जनता दल यूनाइटेड के अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), केंद्रीय मंत्री जीतन राम की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तथा राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल है।

पांच दलों वाले इस गठबंधन ने पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

भाषा कैलाश मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments