scorecardresearch
Friday, 5 June, 2026
होमदेशराज्यसभा चुनाव: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक से भरा नामांकन, बोले- सभी एकजुट रहेंगे

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक से भरा नामांकन, बोले- सभी एकजुट रहेंगे

खरगे के साथ कांग्रेस उम्मीदवार पवन खेड़ा और मंसूर अली खान ने भी कर्नाटक विधानसभा सचिव विशालाक्षी को अपने नामांकन पत्र सौंपे.

Text Size:

बेंगलुरु: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव के लिए कर्नाटक से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. वह कर्नाटक से कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार हैं.

नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, सांसद केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद मौजूद रहे.

खरगे के साथ कांग्रेस उम्मीदवार पवन खेड़ा और मंसूर अली खान ने भी कर्नाटक विधानसभा सचिव विशालाक्षी को अपने नामांकन पत्र सौंपे.

नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में खरगे ने कहा, “सभी विधायकों और मेरे नेताओं ने सर्वसम्मति से मुझे चुना है. चुनाव 18 जून को होना है और मुझे विश्वास है कि सभी एकजुट रहेंगे तथा कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेंगे.”

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 1 जून को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की अधिसूचना जारी की थी.

इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना भी जारी की गई है.

कांग्रेस ने गुरुवार को पांच राज्यों की राज्यसभा सीटों और उपचुनावों के लिए सात उपचुनावों के नाम घोषित किए थे. पार्टी ने मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान के अलावा मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है.

राजस्थान से पार्टी ने नीरज डांगी को फिर से उम्मीदवार बनाया है.

24 सीटों में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात की चार-चार सीटें, राजस्थान और मध्य प्रदेश की तीन-तीन सीटें, झारखंड की दो सीटें तथा अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय की एक-एक सीट शामिल हैं. नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है.

share & View comments