जयपुर, 20 मार्च (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में निजी बीमा कंपनी के एक अधिकारी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना चित्रकूट इलाके में हुई जहां अजय अरोड़ा (45) बृहस्पतिवार शाम किराये के अपने मकान में फंदे से लटके मिले। वह उदयपुर के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि अरोड़ा पिछले साल जयपुर आए थे, जबकि उनका परिवार उदयपुर में रहता है। इस घटना का पता शाम को चला जब उनका पड़ोसी किसी काम से उनके घर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि अरोड़ा के कमरे से एक कथित ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद हुआ है जिसमें लिखा है कि वह अपनी पेशेवर ज़िंदगी से परेशान होकर थक चुके थे और अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
