scorecardresearch
Friday, 9 October, 2026
होमदेशराजस्थान: आयकर अधिकारी बनकर व्यापारी के घर से करीब दो करोड़ रुपये के सोने के गहने चुराए

राजस्थान: आयकर अधिकारी बनकर व्यापारी के घर से करीब दो करोड़ रुपये के सोने के गहने चुराए

Text Size:

जयपुर, नौ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में शुक्रवार को सात लोगों के एक गिरोह ने आयकर अधिकारी बनकर एक व्यापारी के घर से करीब दो करोड़ रुपये के सोने के गहने कथित तौर पर चुरा लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में दिलवाड़ा बाईपास के पास महेश विहार कॉलोनी में हुई।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद पुलिस ने नाकेबंदी की और कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी ने बताया कि गिरोह के पांच सदस्य परिवहन और मोटर पार्ट्स के कारोबारी अनिल माहेश्वरी के घर में आयकर अधिकारी बनकर तलाशी लेने के बहाने घुसे, जबकि गिरोह के बाकी सदस्य स्कॉर्पियो गाड़ी में बाहर रुके रहे। पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय माहेश्वरी, उनके भाई और पिता अपने कार्यालय गए हुए थे।

पुलिस ने बताया कि घर में परिवार की महिला सदस्य, उनका बेटा कार्तिक और एक नौकर मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कमरों की तलाशी ली और लॉकर से सोने की चूड़ियों के चार जोड़े, सोने के ब्रेसलेट का एक जोड़ा, सोने का एक हार और तीन मोबाइल फोन चुरा लिए।

पुलिस ने बताया कि पूरी वारदात करीब 13 मिनट में हुई।

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच में संदिग्ध गाड़ी से आते व घर में घुसते दिखाई दिए।

पुलिस ने इसके बाद नाकेबंदी की और मामले के सिलसिले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments