scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशराजस्थान पंचायत चुनाव: भाजपा ने जारी किया ‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’

राजस्थान पंचायत चुनाव: भाजपा ने जारी किया ‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’

Text Size:

जयपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अपना ‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’ जारी किया।

इस संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 12,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने, अगले पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने और हर पंचायत में उच्च माध्यमिक विद्यालय की सुविधा सुनिश्चित करने का वादा किया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संकल्प पत्र जारी किया।

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 22 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चार चरणों में होंगे।

संकल्प पत्र में सभी जिलों में कृषि कार्यों के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने, प्रत्येक ग्रामीण परिवार को पेयजल कनेक्शन देने और हर ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का वादा किया गया।

भाजपा ने गेहूं को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बोनस के साथ 2,700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने तथा चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक ग्राम पंचायत में कृषि उपकरण किराये पर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। पार्टी ने 19,000 किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण पर 9,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3,000 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराने का भी वादा किया।

संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए राजस्थान महिला निधि के माध्यम से लखपति दीदियों को 1.5 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर 1.5 लाख रुपये तक का ऋण देने और 25 लाख महिलाओं को इस श्रेणी में लाने के प्रयास करने की घोषणा की गई है।

इसके अलावा पात्र विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की मासिक पेंशन बढ़ाकर 1,500 रुपये करने और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सहायता राशि 5,000 रुपये से बढ़ाकर 8,000 रुपये करने का वादा किया गया है।

संकल्प पत्र में प्रत्येक ग्राम पंचायत में इंटरनेट सुविधा, डिजिटल पुस्तकालय और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने वाले अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई है।

इसके साथ ही 15,000 स्कूल भवन, 35,000 अतिरिक्त कक्षाएं और 20,000 शौचालय बनाने का वादा किया गया है।

भाजपा ने 20,000 डेयरी सहकारी समितियां स्थापित करने, ऊंट संरक्षण एवं विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का मिशन शुरू करने और एक लाख जल संग्रहण संरचनाएं बनाने की घोषणा भी की।

पार्टी ने राज्य की सभी 14,403 ग्राम पंचायतों को मजबूत करने और करीब 3,600 नवगठित ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर बुनियादी ढांचा, कर्मचारी तथा डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया है।

संकल्प पत्र जारी करने से पहले मुख्यमंत्री शर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नवनिर्मित सेवा संकल्प सभागार का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया और संगठन महामंत्री अजय कुमार सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments