जयपुर, 23 मई (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दाम, आपूर्ति में कथित कमी से जनता को हो रही परेशानी और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)- स्नातक (यूजी) के प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर राज्य भर में प्रदर्शन करेगी।
पार्टी के एक प्रवक्ता के अनुसार, प्रदर्शन 23 मई से एक जून तक जारी रहेगा। पार्टी के अनुसार, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के कार्यकर्ता उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालयों के सामने विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत आर्थिक एवं विदेश नीति के कारण देश में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दाम बढ़ रहे हैं और महंगाई का बोझ आमजन पर डाला जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली और पेयजल की आपूर्ति मांग से कम हो रही है जिससे आम जनता को जीवनयापन में बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
चतुर्वेदी ने कहा कि साथ ही देश की महत्वपूर्ण परीक्षा नीट-यूजी 2026 का प्रश्न पत्र लीक होने से लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन सब मुद्दों को लेकर सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां विरोध-प्रदर्शन करेंगी और अपनी मांगों का ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपेंगी।
भाषा पृथ्वी रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.