जयपुर, 10 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय से 42 महिला पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 को निरंतर मजबूत बना रही है और अपराधों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को आधुनिक संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पीसीआर वैन 24 घंटे महिलाओं की सहायता के लिए काम करेंगी।
इन सभी वाहनों को अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा, जो कि पहले से संचालित डायल 112 की तर्ज पर कार्य करेगी। जिससे वास्तविक समय में समन्वय के जरिए त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी।
प्रत्येक वैन में मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी), जीपीएस, फोल्डिंग स्ट्रेचर और एलईडी लाइट बार से लैस किया गया है ताकि आपात स्थितियों में प्रभावी और तेज प्रतिक्रिया दी जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि 1090 हेल्पलाइन महिलाओं को उत्पीड़न, शोषण और हिंसा जैसी आपात स्थितियों में सहायता प्रदान करती है।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
