scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशराजस्थान: उदयपुर में 51 जोड़ों ने सात फेरे लेकर की गृहस्थी की शुरुआत

राजस्थान: उदयपुर में 51 जोड़ों ने सात फेरे लेकर की गृहस्थी की शुरुआत

Text Size:

उदयपुर, 15 मार्च (भाषा) राजस्थान के उदयपुर में नारायण सेवा संस्थान के ‘सेवा महातीर्थ’ परिसर में रविवार को देश के अलग-अलग राज्यों से आए 51 जोड़ों ने सात फेरे लेकर अपनी गृहस्थी की शुरुआत की। आयोजकों ने यह जानकारी दी।

आयोजकों के अनुसार, 45वें दिव्यांग और निर्धन सामूहिक विवाह समारोह में 51 जोड़ों में से 25 दिव्यांगजन थे जबकि 26 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से थे।

समारोह में संस्थान के संस्थापक कैलाश मानव अग्रवाल सहित कई अतिथि और दानदाता उपस्थित रहे।

आयोजकों के मुताबिक, सामूहिक विवाह 51 अलग-अलग वेदियों पर संपन्न हुए, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया और जोड़ों ने अग्नि के साक्षी में सात फेरे लिये।

आयोजकों ने बताया कि नवविवाहितों को गृहस्थ जीवन शुरू करने में सहयोग देने के लिए संस्थान ने प्रत्येक जोड़े को घरेलू सामान जैसे बिस्तर, चादर, अलमारी, बर्तन, गैस स्टोव, डिनर सेट और पंखे प्रदान किए।

अतिथियों और दानदाताओं ने मंगलसूत्र, चूड़ियां और पायल जैसे पारंपरिक उपहार भी दिए।

संस्थान ने बताया कि इस आयोजन के साथ अब तक कुल 2,510 दिव्यांग और वंचित व्यक्तियों के विवाह संपन्न कराए जा चुके हैं।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments