scorecardresearch
Thursday, 26 November, 2026
होमदेशरायपुर साहित्य उत्सव का आठ से 10 जनवरी तक होगा आयोजन, मुख्यमंत्री ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

रायपुर साहित्य उत्सव का आठ से 10 जनवरी तक होगा आयोजन, मुख्यमंत्री ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

Text Size:

रायपुर, 25 नवंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आठ से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। हमारी भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में यहां के जनजीवन, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस समृद्ध विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ ही साहित्यिक संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।’’

साय ने कहा, ‘‘हमारा प्रयास होना चाहिए कि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे। यह आयोजन केवल साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर विचारों के आदान-प्रदान, सांस्कृतिक विविधता के सम्मान और नई रचनात्मक संभावनाओं के विस्तार का सशक्त मंच बने।’’

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न भाषाओं एवं बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत समाहित है।

उन्होंने कहा कि इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण तथा संरक्षण आवश्यक है।

भाषा संजीव शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments