नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) रेल मंत्रालय ने नंदीग्राम एक्सप्रेस के एक सजाए गए एसी कूपे (केबिन) का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक ट्रेन टिकट परीक्षक (टीटीई) को निलंबित कर दिया और जांच शुरू कर दी।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘यह मामला दक्षिण मध्य रेलवे जोन से संबंधित है। छह जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक दंपति ने अपने फर्स्ट एसी कूपे को सजाने के लिए निजी तौर पर एक व्यक्ति की सेवा ली थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सजावट करने वाले व्यक्ति का रेल डिब्बे में प्रवेश अनधिकृत था और इसे एक गंभीर चूक माना जा रहा है।’’
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि संबंधित कर्मचारी (टीटीई) को निलंबित कर दिया गया है और विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा
देवेंद्र शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.