श्री विजय पुरम, 28 अप्रैल (भाषा) अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को उन आदिवासी नेताओं से मुलाकात की जो ग्रेट निकोबार क्षेत्र में एक बड़ी अवसंरचना परियोजना को लेकर चिंता जता रहे हैं।
निकोबार जिले के कैंपबेल बे में आदिवासी समुदायों का एक वर्ग परियोजना में पारदर्शिता की कमी, पर्यावरण जोखिम और आदिवासी अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं।
इस परियोजना में एक बंदरगाह, एक एकीकृत टाउनशिप, असैन्य तथा सैन्य उपयोग वाला हवाई अड्डा और एक ऊर्जा संयंत्र शामिल है।
राहुल गांधी 26 अप्रैल को यहां पहुंचे और उन्होंने पार्टी नेताओं से मुलाकात की।
वह मंगलवार को स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ कैंपबेल बे गए और ग्रेट निकोबार परियोजनाओं से जुड़े आदिवासी लोगों की चिंताओं को समझने का प्रयास किया।
राहुल गांधी ने भारत के सबसे दक्षिणी छोर, इंदिरा प्वाइंट का भी दौरा किया और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने इस द्वीपसमूह में कथित कॉर्पोरेट प्रभाव की आलोचना की और कहा कि विकास में कॉर्पोरेट हितों के बजाय स्थानीय ज़रूरतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.