scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशपंजाब: प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा किया

पंजाब: प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा किया

Text Size:

जालंधर (पंजाब), एक फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर किया और लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर सिविल टर्मिनल भवन का ऑनलाइन तरीके से उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न लगभग तीन बजकर 45 मिनट पर आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचे। वह गुरु रविदास की 649वीं जयंती के मौके पर डेरा सचखंड बल्लां भी जाएंगे।

मोदी ने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया जिससे पंजाब में बुनियादी विमानन ढांचे को और बढ़ावा मिलेगा।

रायकोट उपखंड के हलवारा स्थित भारतीय वायु सेना अड्डे पर विकसित इस टर्मिनल से क्षेत्र में हवाई संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होने और औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हवाई अड्डे की टर्मिनल भवन परियोजना को पंजाब सरकार और भारतीय विमानन प्राधिकरण के बीच एक संयुक्त उद्यम के रूप में 54.67 करोड़ रुपये के परिव्यय से स्थापित किया गया है।

इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और अन्य गणमान्य व्यक्ति लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर मौजूद थे।

प्रधानमंत्री कार्यालय से शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया था, ‘‘संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण इस पूजनीय संत और समाज सुधारक को श्रद्धांजलि है, जिनकी समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारत के सामाजिक मूल्यों को प्रेरित करती रहती हैं।’’

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments