scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशपंजाब भ्रष्टाचार से ग्रस्त, तत्काल बदलाव की आवश्यकता: सैनी

पंजाब भ्रष्टाचार से ग्रस्त, तत्काल बदलाव की आवश्यकता: सैनी

Text Size:

समाना/लहरागागा (पंजाब), 21 मार्च (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर शनिवार को गहरी चिंता व्यक्त की।

सैनी ने उस दौर को याद किया जब पंजाब कृषि, खेल, रक्षा और उद्योग में देश का नेतृत्व करता था, और कहा कि अब स्थिति पूरी तरह से अलग है।

समाना के किसान पैलेस में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसान परेशान हैं, युवा हतोत्साहित हैं और माताएं अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

सैनी ने समाना के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला, जिसमें उन्होंने 1709 में समाना के युद्ध में मुगलों पर बंदा सिंह बहादुर की विजय का उल्लेख किया, जिसने सिख सैन्य पराक्रम को प्रदर्शित किया और पहले सिख शासन की नींव रखी।

उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि पंजाब और हरियाणा के बीच संबंध केवल पड़ोसी राज्यों का नहीं है, बल्कि साझा विरासत और समान संघर्षों का बंधन है। उन्होंने खुद को केवल पड़ोसी के रूप में नहीं, बल्कि छोटे भाई और शुभचिंतक के रूप में प्रस्तुत किया।

सैनी ने आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना करते हुए दावा किया कि उसने झूठे वादे किए और पिछले चार वर्षों में किसी भी प्रतिबद्धता को पूरा करने में विफल रही।

उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ‘राज्य में भ्रष्टाचार व्यापक रूप से फैल गया है।’

इससे पहले लहरागागा में, सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद, हरियाणा की तरह महिलाओं, किसानों, मजदूरों और युवाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी।

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments