नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि के मामले में सजा सुनाया जाना और फिर जल्दबाजी में लोकसभा की सदस्यता से उन्हें अयोग्य ठहराया जाना भारतीय जनता पार्टी के अधिनायकवादी चरित्र को दर्शाता है।
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने यह दावा भी किया कि मोदी सरकार गौतम अडाणी जैसे अपने मित्रों को सरकारी पैसे और पूंजी सौंप रही है।
येचुरी ने पार्टी का एक बयान पढ़ते हुए कहा, ‘‘पोलितब्यूरो विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए भाजपा द्वारा आपराधिक मानहानि के रास्ते का उपयोग किए जाने की निंदा करता है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को सजा सुनाया जाना और फिर जल्दबाजी में लोकसभा की सदस्यता से उन्हें अयोग्य ठहराना भारतीय जनता पार्टी के अधिनायकवादी चरित्र को दर्शाता है।
केरल की वायनाड सीट से सांसद राहुल गांधी को गुजरात के सूरत की एक अदालत द्वारा वर्ष 2019 के मानहानि के एक मामले में सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने ‘‘मोदी उपनाम’’ संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में उन्हें बृहस्पतिवार को दोषी ठहराया तथा दो साल कारावास की सजा सुनाई थी ।
भाषा हक हक रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
