scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी को उनके इजराइली समकक्ष नेतन्याहू ने फोन किया, पश्चिम एशिया पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी को उनके इजराइली समकक्ष नेतन्याहू ने फोन किया, पश्चिम एशिया पर हुई चर्चा

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बृहस्पतिवार को उनके इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू ने फोन पर बात की और इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा हुई।

दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।

मोदी और नेतन्याहू ने भारत-इजराइल संबंधों में बनी निरंतर गति का स्वागत किया और दोनों देशों के बीच ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा, “नेताओं ने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर भी चर्चा की और इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बढ़ने के रास्ते के रूप में बातचीत और कूटनीति अपनाने के भारत के आह्वान को दोहराया।”

‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, मोदी ने बताया कि इजराइल के प्रधानमंत्री ने उन्हें फोन किया था।

उन्होंने कहा, “हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में बनी निरंतर गति की समीक्षा की और साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। हमने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।”

प्रधानमंत्री मोदी ने 25 से 26 फरवरी तक इजराइल की राजकीय यात्रा की थी। उस समय दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी को एक नए स्तर -‘शांति, नवाचार और समृद्धि के लिए एक विशेष रणनीतिक साझेदारी’ – पर ले जाने का फैसला किया।

मोदी ने तब कहा था कि भारत के सुरक्षा हित पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता से जुड़े हैं और उन्होंने यह भी जोड़ा कि नयी दिल्ली ‘गाजा शांति पहल’ का पूरा समर्थन करती है।

अमेरिका-ईरान और ईरान से जुड़े संघर्षों के दौरान भी उनके बीच फोन पर बातचीत हुई थी।

इस महीने की शुरुआत में, नेतन्याहू ने फोन पर भारतीय पायलट स्मित मच्छार से बात करते हुए उन्हें “पूरी दुनिया का हीरो” कहा। स्मित ने अपने सह-पायलट द्वारा इजराइल जाने वाली एक उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित साजिश को नाकाम कर दिया था।

पिछले महीने, जब फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी, तब कॉकपिट में कैप्टन मच्छार पर उनके सह-पायलट ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments