scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशप्रधान ने एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों की छपाई, वितरण और उपलब्धता की समीक्षा की

प्रधान ने एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों की छपाई, वितरण और उपलब्धता की समीक्षा की

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए प्रकाशित पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, छपाई और वितरण की मंगलवार को समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अंतिम छोर तक विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण की निगरानी करें।

बैठक में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार, शिक्षा मंत्रालय और एनसीईआरटी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौजूद थे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधान ने एनसीईआरटी की आगामी पाठ्यपुस्तकों से संबंधित तैयारी की समीक्षा की और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में भंडारण की स्थिति का आकलन किया, साथ ही समय पर वितरण सुनिश्चित करने के लिए राज्य अधिकारियों और वितरण एजेंसियों के साथ समन्वय की जांच की। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण को लेकर व्यवस्थाओं पर जोर दिया।

मंत्री ने जोर दिया कि किसी भी छात्र को देरी के कारण असुविधा नहीं होना चाहिए और उन्होंने अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, जहां आवश्यक हो वहां मुद्रण क्षमता बढ़ाने और अंतिम छोर तक इन्हें पहुंचाने की बारीकी से निगरानी करने का निर्देश दिया।

बयान में कहा गया है कि उन्होंने ई-पाठशाला मंचों के माध्यम से डिजिटल पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता पर भी प्रकाश डाला।

ई-पाठशाला मंच तब तक निर्बाध शिक्षण को समर्थन देने के लिए एक अंतरिम उपाय है जब तक सभी छात्रों तक किताबों की प्रतियां पहुंच नहीं जातीं।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments