मुंबई, छह नवंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार के साथ उनके संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण और पारिवारिक रहे हैं तथा उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों के बीच कभी कोई कड़वाहट नहीं रही।
पटेल ने बृहस्पतिवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वह वरिष्ठ नेता का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे और उनकी सेहत अच्छी है।
पटेल ने कहा, ”राजनीतिक मतभेद जरूर थे, लेकिन हमारे बीच कभी कोई कड़वाहट नहीं रही। मैं समय-समय पर पवार साहब से मिलता रहा हूं। हमारे पारिवारिक संबंध हैं और ये आगे भी बने रहेंगे।”
उन्होंने बताया कि दोनों के बीच मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई।
पटेल ने कहा कि शरद पवार पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहे थे और अपने खास अंदाज में मुस्कुरा रहे थे।
राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार (85) को बुधवार को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दी गई थी, जहां सोमवार से उनका इलाज चल रहा था।
शरद पवार द्वारा स्थापित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में 2023 में उस समय विभाजन हो गया था, जब प्रफुल्ल पटेल समेत पार्टी के कुछ नेता दिवंगत अजित पवार के नेतृत्व में महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में शामिल हो गए थे। इसके बाद अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न मिल गया, जबकि शरद पवार के गुट को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नाम दिया गया।
प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब राकांपा के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस बैठक में पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ तथा जय शामिल नहीं हुए थे। अमित शाह के साथ यह बैठक ऐसे समय हुई, जब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि राकांपा नेतृत्व पार्टी में पार्थ पवार के बढ़ते प्रभाव से खुश नहीं है।
राकांपा और राकांपा (शप) दोनों ही दलों ने एक-दूसरे में विलय की संभावना से इनकार किया है। शरद पवार ने हाल ही में कहा था कि उनकी पार्टी किसी अन्य दल में विलय नहीं करेगी। हालांकि जो लोग उनकी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, उनका स्वागत है।
भाषा गोला रंजन
रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.