scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री 14 मार्च को असम की बराक घाटी का दौरा करेंगे : हिमंत

प्रधानमंत्री 14 मार्च को असम की बराक घाटी का दौरा करेंगे : हिमंत

Text Size:

गुवाहाटी, 20 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 मार्च को बराक घाटी का दौरा करेंगे और 22,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेसवे का शिलान्यास करेंगे।

शर्मा ने सिलचर में एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं को बताया कि इस एक्सप्रेसवे के बनने से गुवाहाटी और सिलचर के बीच का सफर मौजूदा आठ घंटे से घटकर साढ़े चार घंटे का रह जाएगा।

शर्मा ने बताया कि इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वन्यजीव बोर्ड से मंजूरी भी मिल गई है।

उन्होंने कहा, ‘भूमि अधिग्रहण का कार्य भी अच्छी तरह से आगे बढ़ चुका है और सड़क निर्माण जल्द ही शुरू होगा।’

शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान सिलचर फ्लाईओवर का भी उद्घाटन करेंगे।

असम में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

सिलचर में प्रस्तावित ‘ग्रीनफील्ड’ हवाई अड्डा के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को बृहस्पतिवार को इसके लिए पर्यावरण संबंधी मंजूरी मिल गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अब इसके लिए राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी की जरूरत होगी… समय कम बचा है लेकिन हम मार्च तक प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश करेंगे। अगर यह संभव नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव के बाद होगा।’

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के बाद भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा की जा सकती है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments