नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की शाश्वत विजय का प्रतीक है।
मोदी ने उम्मीद जताई कि यह पर्व सभी को दयालुता का प्रसार करने, सकारात्मक सोच अपनाने और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करेगा।
प्रधानमंत्री ने भारत सरकार के ‘जन संपर्क पोर्टल’ पर साझा किए गए एक संदेश में कहा, ‘‘प्रिय देशवासियों, दीपावली के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं! यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की शाश्वत विजय का उत्सव है।’’
उन्होंने कहा कि दीपावली भारत की समृद्ध परंपराओं पर गर्व करने और आपसी एकजुटता के संबंधों को मजबूत करने का भी अवसर है।
मोदी ने कहा, ‘‘दीपावली हर घर को खुशियों, सद्भाव और समृद्धि से रोशन करे। यह पर्व हमें दयालुता का प्रसार करने, सकारात्मक सोच अपनाने और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करे।’’
प्रधानमंत्री ने सभी से समृद्ध और ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए नयी ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘एक बार फिर आप सभी को दीपावली की शुभकामनाएं।’’
भाषा सिम्मी रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.