scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होमदेशभूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी

भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को मशहूर गायक और भारत रत्न से सम्मानित भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

आधिकारिक बयान के अनुसार, इस मौके पर प्रधानमंत्री यहां कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित भी करेंगे।

हजारिका का जन्म आठ सितंबर 1926 को हुआ था और पांच नवंबर 2011 को उनका निधन हो गया।

‘सुधाकंठ’ और ‘ब्रह्मपुत्र के कवि’ के रूप में याद किए जाने वाले हजारिका, असम और पूरे देश के सांस्कृतिक इतिहास में एक विशेष स्थान रखते हैं।

महान गायक, संगीतकार, गीतकार, फिल्म निर्माता और लेखक के रूप में, उन्होंने अपनी रचनात्मक कृतियों के माध्यम से आम लोगों की आकांक्षाओं और भावनाओं को आवाज दी।

असम और पूर्वोत्तर की लोक परंपराओं से जुड़े उनके संगीत ने भाषाई और भौगोलिक सीमाओं को पार किया, और इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पूरे भारत और उसके बाहर के दर्शकों तक पहुंचाया।

अपनी कलात्मक देन के अलावा, हजारिका एक मानवतावादी और सामाजिक विचारक भी थे।

उन्होंने समानता, मानवीय गरिमा, सामाजिक सद्भाव और सार्वभौमिक भाईचारे को बढ़ावा दिया।

गायक ने असम की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने में भी योगदान दिया।

भारतीय संगीत, सिनेमा और संस्कृति में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिले।

वर्ष 2019 में, उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।

जन्म शताब्दी समारोह आठ सितंबर 2025 को शुरू हुआ था, जिससे संगीत, साहित्य, सिनेमा और समाज में हजारिका के योगदान को फिर से समझने का अवसर मिला।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments