scorecardresearch
Sunday, 5 July, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर इकाई में कार्यरत युवा कर्मचारियों का वीडियो साझा किया

प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर इकाई में कार्यरत युवा कर्मचारियों का वीडियो साझा किया

Text Size:

अहमदाबाद, पांच जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के साणंद जिले में ‘सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओएसएटी)’ इकाई के उद्घाटन के एक दिन बाद रविवार को वहां कार्यरत युवा कर्मचारियों के साथ अपने संवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।

‘एक्स’ पर जारी इस वीडियो में झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, जम्मू-कश्मीर और बिहार के कर्मचारी प्रधानमंत्री के यह पूछने पर अपनी निजी और पेशेवर यात्राओं के बारे में बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं कि क्या उन्हें उनके काम से खुशी मिली है और क्या इससे उनकी जिंदगी बदली है।

मध्यप्रदेश निवासी शिवानी विके ने संवाद के दौरान बताया कि वह राज्य के बाहर काम करने वाली अपने गांव की पहली लड़की हैं। उन्होंने कहा, “मैं अपने गांव की पहली बेटी हूं, जो राज्य के बाहर काम कर रही है। गांव वाले इस बात से प्रभावित हैं कि अब मैं आत्मनिर्भर हूं।”

झारखंड की पूनम कुमारी ने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें सीजी सेमी में नौकरी मिली और बाद में उन्हें प्रशिक्षण के लिए मलेशिया भेजा गया।

जब मोदी ने कहा कि उनके गांव के लोगों ने शायद पहले आईटीआई कोर्स की अहमियत को कम करके आंका होगा, तो पूनम ने कहा कि गांव वाले शुरू में मानते थे कि घर से दूर पढ़ाई करने के बाद वह कुछ खास हासिल नहीं कर पाएंगी।

उन्होंने कहा, “लेकिन मैंने जब सेमीकंडक्टर इकाई में काम शुरू किया, तो गांव वालों की सोच बदल गई।”

झारखंड की ही रहने वाली प्रियंका धनवार ने कहा कि वह विदेश यात्रा करने वाली अपने परिवार की पहली शख्स हैं और उनकी उपलब्धियों ने उनके माता-पिता को गौरवान्वित किया है।

प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के कौशल कुमार और बिहार के सत्यम सिन्हा से भी बातचीत की।

एक अन्य कर्मचारी ने बताया कि मलेशिया में प्रशिक्षण आसान हो गया, क्योंकि जब भी प्रशिक्षुओं को कोई विषय समझने में मुश्किल होती थी, तो वरिष्ठ प्रशिक्षक उन्हें हिंदी में और प्रस्तुतियों के जरिये समझाते थे।

शनिवार को ‘सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओएसएटी)’ इकाई के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने कहा था कि सेमीकंडक्टर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्रांति अनगिनत अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने युवा भारतीयों से इस मौके को न चूकने का आग्रह किया था।

भाषा पारुल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments