नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, करण अदाणी और जीत अदाणी भी मौजूद रहे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने 211 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश को देश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में नई पहचान देगी. उन्होंने कहा कि शिवपुरी में बनने वाली मिसाइलें भारत की रक्षा क्षमता को मजबूत करेंगी और यह क्षेत्र औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा. उन्होंने बताया कि इस परियोजना से करीब 5 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने शिवपुरी को पर्यटन और औद्योगिक हब बनाने के लिए कई घोषणाएं भी कीं. इनमें 120 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क, मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट, 200 बिस्तरों का मातृ-शिशु अस्पताल, नई तहसील, कृषि उपज मंडी और सांदीपनि विद्यालय की स्थापना शामिल है.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया. वहीं जीत अदाणी ने कहा कि यह निवेश केवल उद्योग में नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य और युवाओं के रोजगार में निवेश है.