scorecardresearch
Monday, 18 May, 2026
होमदेशलखीमपुर खीरी सड़क हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये सहायता का ऐलान

लखीमपुर खीरी सड़क हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये सहायता का ऐलान

प्रधानमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की भी घोषणा की.

Text Size:

लखीमपुर खीरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है.

प्रधानमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की भी घोषणा की.

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई दुर्घटना से बेहद दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया और इसे “दिल दहला देने वाला और पीड़ादायक” बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन को घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

उन्होंने कहा, “लखीमपुर खीरी जिले में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की मौत बेहद हृदयविदारक और पीड़ादायक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. घायलों और प्रभावित लोगों को तुरंत हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं. प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को जल्द स्वस्थ करें.”

यह सड़क हादसा सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुआ. हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई.

घटना ईसानगर थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव के पास लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर हुई, जहां एक ट्रक और वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई.

लखीमपुर खीरी के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने कहा, “आज सुबह 7 बजे ईसानगर थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव के पास लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर ट्रक और वैन के बीच टक्कर हुई. वैन में 10 लोग सवार थे.”

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं.

मामले की आगे की जांच जारी है.

share & View comments