जयपुर, 17 अप्रैल (भाषा) पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को एक बार फिर राज्य में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के मामलों की प्रभावी एवं पारदर्शी जांच की मांग की।
पायलट ने कहा कि जितनी जल्दी हो सके जांच की जानी चाहिए क्योंकि पार्टी नेता राहुल गांधी सहित पूरी कांग्रेस केंद्र में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रही है।
कांग्रेस नेता ने झुंझुनू में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘राजस्थान में चुनाव सात महीने दूर हैं। आप उन सभी घोटालों की प्रभावी और पारदर्शी जांच चाहते हैं, जो तब सामने आए थे जब भाजपा सत्ता में थी और मुझे लगता है कि हमें इसे जल्द से जल्द करना चाहिए।’ ।
वह पुलवामा हमले के शहीद श्योराम की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए झुंझुनू जिले के खेतड़ी में थे।
उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि हम इस (कार्रवाई) को करेंगे क्योंकि कांग्रेस में राहुल जी और पूरी कांग्रेस उस भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है जो दिल्ली में भाजपा सरकार कर रही है। चाहे गुजरात हो या मध्यप्रदेश या उत्तर प्रदेश, हमने हमेशा भाजपा ने जो भ्रष्टाचार किया है उसे बेनकाब किया है।’
पायलट ने हाल ही में भाजपा शासन में हुए भ्रष्टाचार की जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर एक दिन का अनशन किया था।
उन्होंने पिछली भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की मांग की थी, जिसके कारण उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस सत्ता में आई थी।
हालांकि कांगेस आलाकमान ने पायलट को अनशन नहीं करने के निर्देश जारी किये थे। अनशन के बाद उन्होंने नई दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मुलाकात की थी।
कांग्रेस की ‘मंहगाई राहत मंत्र पर पायलट ने कहा कि वह राजस्थान के लोगों को राहत देने वाली सभी योजनाओं का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘अब, हम वह कल्याणकारी उपाय आदि करते हैं और मुझे लगता है कि हमें इसे और अधिक करना चाहिए। लेकिन, राजनीति में, विश्वसनीयता और आप जो कहते हैं वह भी महत्वपूर्ण है। जब आप सात महीने बाद चुनाव में जाएंगे, तो हमसे पूछा जाएगा कि आपने आरोप लगाए हैं … या तो आप झूठ बोल रहे थे या आपमें पर्याप्त साहस नहीं था।’’
पायलट ने कहा कि वह पिछली भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने एक दिन का अनशन किया था।
उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘मैंने किसी का विरोध नहीं किया। मैं आज भी कार्रवाई की मांग कर रहा हूं। एक सप्ताह हो गया है, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लेकिन भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ जांच होनी चाहिए। सबूत मिलने पर कार्रवाई की जानी चाहिए। यह राजस्थान को स्वच्छ राजनीति देने की हम सभी की जिम्मेदारी है।’’
पायलट ने कहा कि मैं कहूंगा कि भ्रष्टाचार से समझौता नहीं करना चाहिए और यह संघर्ष मजबूती से जारी रहेगा क्योंकि मैंने किसी पर आरोप नहीं लगाए न ही कोई अपशब्द कहे।
भाषा कुंज पृथ्वी
रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.