scorecardresearch
Sunday, 5 April, 2026
होमदेशपीसीआई ने परिसर सील करने के दौरान यूएनआई के पत्रकारों के साथ 'दुर्व्यवहार' की निंदा की

पीसीआई ने परिसर सील करने के दौरान यूएनआई के पत्रकारों के साथ ‘दुर्व्यवहार’ की निंदा की

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अधिकारियों द्वारा यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) परिसर को सील किए जाने के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर ‘‘दुर्व्यवहार’’ की शनिवार को निंदा की।

पीसीआई ने एक बयान के अनुसार, समाचार एजेंसी के कई पत्रकारों ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों द्वारा उन्हें ‘बल प्रयोग’ करके उनके कार्यस्थल से जबरन हटा दिया गया, और उन्हें अपना निजी सामान भी लेने की अनुमति नहीं दी गई।

पीसीआई ने कहा, ‘‘भूमि विवाद से संबंधित अदालती आदेश के बाद कल शाम नयी दिल्ली के 9, रफी मार्ग स्थित यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया परिसर में काम कर रहे पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा की गई बदसलूकी पर पीसीआई गहरा दुख व्यक्त करता है।’

पीसीआई ने “महिला कर्मियों समेत पत्रकारों पर किए गए दमनात्मक कार्रवाई” की भी निंदा की।

पीसीआई ने कहा कि काम करने का अधिकार एक संवैधानिक अधिकार है और वह प्रभावित पत्रकारों के साथ एकजुटता में खड़ा है। उसने कहा कि अधिकारियों को संयम बरतना चाहिए था, खासकर तब जब पत्रकारों ने उन्हें बताया कि अदालत के आदेश के बाद भी प्रबंधन ने उन्हें परिसर खाली करने की आवश्यकता के बारे में सूचित नहीं किया था।

बयान में कहा गया, ‘‘पीसीआई अधिकारियों से आग्रह करता है कि वे इस तरह के दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें, क्योंकि इससे पत्रकार समुदाय में यह विश्वास पैदा करने में मदद मिलेगी कि प्रेस के काम करने का अधिकार लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।’’

उच्च न्यायालय के आदेश के बाद शुक्रवार को केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन भूमि एवं विकास कार्यालय (एल एंड डीओ) द्वारा यूएनआई परिसर को सील कर दिया गया। यूएनआई ने इस कार्रवाई को ‘‘अभूतपूर्व क्रूरता और मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला’’ करार दिया।

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments