औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 13 जून (भाषा) महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे को विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फैसले के खिलाफ औरंगाबाद में पार्टी सांसद भागवत कराड के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पर मुंडे के एक समर्थक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आरोपी सचिन डोइफोडे ने कुछ अन्य लोगों के साथ रविवार शाम औरंगाबाद के क्रांति चौक इलाके में कराड के कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और मांग की कि मुंडे को विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा द्वारा टिकट दिया जाए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने बाद में डोइफोडे को हिरासत में ले लिया, जो नशे की हालत में मिला।
उन्होंने कहा कि डोइफोडे और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत निषेधाज्ञा और महाराष्ट्र शराब निषेध अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि डोइफोडे को एक नोटिस दिया गया और बाद में उसे रिहा कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि जब पुलिस डोइफोड को हिरासत में ले रही थी, पांच से आठ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उसकी पिटाई की। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
भाजपा ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीट पर आगामी चुनावों के लिए छह उम्मीदवारों की घोषणा की है, लेकिन भाजपा के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे का नाम सूची में नहीं है।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
