मदुरै (तमिलनाडु), एक मार्च (भाषा) अन्नाद्रमुक के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने रविवार को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर कथित भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा और तमिलनाडु के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की।
उन्होंने यहां मंडेला नगर में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की केंद्र सरकार शानदार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राजग ने तमिलनाडु में चुनाव अभियान प्रारंभ कर दिया है, जबकि द्रमुक और उसके सहयोगी दलों ने अभी तक अपना प्रचार अभियान शुरू नहीं किया है।
पलानीस्वामी ने कहा, “यदि कोई मदुरै का नाम लेता है तो सबसे पहले प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर की याद आती है। हम यहां अपना दूसरा चुनावी अभियान आयोजित कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव निकट हैं और ये चुनाव तय करेंगे कि तमिलनाडु पर किसे शासन करना चाहिए और किसे नहीं।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन ने राज्य में नशीले पदार्थों के प्रसार को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की और आगामी चुनाव को ‘धर्म व अधर्म’ के बीच की लड़ाई बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री अपने पुत्र उदयनिधि स्टालिन को उपमुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
