scorecardresearch
Sunday, 15 November, 2026
होमदेशहरियाणा में 2,100 से अधिक ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित

हरियाणा में 2,100 से अधिक ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित

Text Size:

चंडीगढ़, 15 नवंबर (भाषा) हरियाणा ने क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2025 में 2,157 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया है, जो राज्य की कुल ग्राम पंचायतों का लगभग 35 प्रतिशत है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने रविवार को बताया कि राज्य ने अपने सघन टीबी उन्मूलन अभियान के तहत करीब 25.6 लाख लोगों की जांच भी की है। इस दौरान बीमारी की शुरुआती पहचान के लिए एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) आधारित डिजिटल एक्स-रे और ‘रैपिड मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक’ जैसी तकनीकों की मदद ली गई।

उन्होंने कहा कि हरियाणा समुदाय-आधारित सक्रिय जांच, उन्नत नैदानिक सुविधाओं, बेहतर उपचार निगरानी और अधिक जनभागीदारी के माध्यम से अपनी टीबी उन्मूलन रणनीति को मजबूत कर रहा है।

यह अभियान सात दिसंबर, 2024 को शुरू किया गया था जिसके तहत अब तक नौ लाख से अधिक छाती के एक्स-रे और लगभग 5.5 लाख आणविक निदान जांच की जा चुकी हैं।

आणविक निदान, एक उन्नत तकनीक है जो संक्रामक रोगों की डीएनए और आरएनए स्तर पर जांच कर उनकी सही पहचान में मदद करती है।

अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों को मिलाकर अभियान के दौरान कुल 1.67 लाख के करीब टीबी के मामलों की पहचान हुई है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आंकड़ा अब तक सामने आए कुल मामलों का है, न कि उन मरीजों का जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है।

टीबी मुक्त पंचायत पहल के तहत, 2025 में किए गए सत्यापन के बाद राज्य की कुल 6,237 ग्राम पंचायतों में से 2,157 पंचायतों को टीबी मुक्त प्रमाणित किया गया है। यह प्रमाण पत्र निर्धारित कार्यक्रम मानदंडों को पूरा करने की उपलब्धि को दर्शाता है और इसका मतलब यह नहीं है कि इन क्षेत्रों से टीबी का स्थायी रूप से उन्मूलन हो गया है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments