नई दिल्ली: उत्तराखंड सरकार पौड़ी जिले में स्थित मां धारी देवी मंदिर के पास दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर काम कर रही है. करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली इस पार्किंग से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए श्रीनगर के ग्राम कलियासौड़ में 0.14 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है. जमीन का जीआईएस के जरिए सर्वेक्षण भी पूरा हो चुका है. योजना के तहत करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में पार्किंग बनाई जाएगी.
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी ने कार्यदायी संस्था नामित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है. संस्था के चयन के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल और संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा.
हालांकि, चिह्नित जमीन श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड के पास है. निर्माण से पहले कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना होगा. इसके बाद जमीन जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को हस्तांतरित की जाएगी.
सरकार का कहना है कि इस परियोजना से सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग कम होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.