नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धार जिले के डही में 1,353.18 करोड़ रुपये की माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना का लोकार्पण किया गया. राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 15 नवंबर को इसका उद्घाटन किया. इस परियोजना से धार के 84 और आलीराजपुर के 42 गांवों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी मिलेगा.
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली शामिल हुए. उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों के बलिदान ने देश को प्रेरणा दी है. देशभर में जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से ज्यादा का भूमि-पूजन किया गया है. इन परियोजनाओं पर 30 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
मोदी ने कहा कि पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये का बजट रखा है. उन्होंने आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और गरीबों के लिए आवास योजनाओं का भी जिक्र किया.
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि नर्मदा परियोजना से एक लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई होगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है.