नई दिल्ली: बिहार में छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपदा से बचाव के लिए राज्य सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है.
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, राज्य के संवेदनशील 377 छठ घाटों पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की तैनाती की गई है. इनमें 254 घाटों पर SDRF और 123 घाटों पर NDRF के जवान मुस्तैद रहेंगे.
इसके अलावा, राज्य के कुल 12,806 छठ घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इनका उद्देश्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाना है.
विभाग ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के नंबर 0612-2294204 और 0612-2294205 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा आपातकालीन सहायता के लिए 1070 नंबर भी जारी किया गया है.