scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशदिल्ली में सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत, तीन अस्पताल में भर्ती

दिल्ली में सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत, तीन अस्पताल में भर्ती

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के छावला इलाके में एक निर्माणाधीन घर के सेप्टिक टैंक के शटर को हटाते समय कथित तौर पर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से 38-वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य लोग बीमार पड़ गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कुतुब विहार की 21 अक्टूबर की इस घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान स्थानीय निवासी मदन पंडित के रूप में हुई है, जिसे अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया।

उसने बताया कि तीन अन्य लोगों –विनोद (22), चंद्रशेखर (35) और सुरेंद्र सिंह (42) का अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पंडित की पत्नी पूजा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके पति निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर लगे शटर हटाने गए थे।

पूजा ने कहा, ‘‘वह करीब 14 साल से भवन निर्माण ठेकेदार के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने तीन लोगों को बचाया, लेकिन फिर खुद बाहर नहीं निकल पाए। यह प्रशासन की घोर लापरवाही है।’’

पुलिस को अस्पताल से इस घटना की सूचना मिली।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक टीम अस्पताल पहुंची और पंडित की चिकित्सा-कानूनी रिपोर्ट (एमएलआर) प्राप्त की।

उन्होंने बताया कि दैनिक डायरी प्रविष्टियों, चिकित्सा-कानूनी रिपोर्टों और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर, छावला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं-290 (भवन गिराने, मरम्मत करने या निर्माण करने के संबंध में लापरवाही) और 106(1) (लापरवाही से मृत्यु का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments