scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशदिल्ली के नरेला में गोलीबारी करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली के नरेला में गोलीबारी करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के नरेला क्षेत्र में एक महिला के ‘मिनरल वॉटर प्लांट’ को बंद कराने के लिए कथित रूप से गोलीबारी करने के आरोप में 23 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आरोपी अनीश उर्फ ​​ईश्वर दयाल घटना के बाद से ही गिरफ्तारी से बच रहा था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, घटना छह मार्च को हुई जब शिकायतकर्ता अपने कारखाने पहुंची और मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया। उनमें से एक व्यक्ति ने दहशत फैलाने के इरादे से कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर कारखाने के पास की दीवार पर गोली चलाई।

इसके बाद आरोपियों ने महिला को मिनरल वाटर का कारोबार बंद न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। घटना के तुरंत बाद पीयूष नामक एक सह-आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि मुख्य शूटर के रूप में पहचाने गये अनीश को नहीं पकड़ा जा सका।

अधिकारी ने बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम ने 18 मार्च को छापा मारा और अनीश को दिल्ली में गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान, अनीश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसका इरादा इलाके में दबदबा कायम करना था।

पुलिस ने बताया कि अनीश ने पूछताछ में यह भी कबूला कि गोलीबारी उसके एक साथी और रोहित नाम के एक व्यक्ति के बीच चल रहे विवाद से जुड़ी थी और इसका मकसद शिकायतकर्ता के कारोबार को बाधित करना था।

नरेला निवासी और नौवीं कक्षा में पढ़ाई छोड़ चुका अनीश बेरोजगार है और अपने परिवार के साथ रहता है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments