नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक दुकानदार की उसकी दुकान में गोली मार कर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, बुधवार रात गली नंबर नौ में नाले के पास स्थित एक दुकान पर दुकानदार वसीम (32) को गोली मारी गई। इसके बाद स्थानीय लोग वसीम को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह इलेक्ट्रिक सामान की मरम्मत का काम करता था।
अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान अल्तमश खान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में शामिल अपने अन्य साथियों की जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस टीम को अन्य आरोपियों के बारे में पुख्ता सुराग मिले हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.