जाजपुर (ओडिशा), 20 दिसंबर (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में 21 वर्षीय युवक का शव उसकी महिला मित्र के घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शुक्रवार को बिंझारपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैंदा गांव में हुई। मृतक की पहचान कटक जिले के गंगेश्वर देउली गांव निवासी अशोक दास के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय महिला की शादी पिछले महीने गंगेश्वर देउली के एक व्यक्ति से हुई थी। उसने बताया कि शादी के बाद उसके अशोक दास के साथ कथित तौर पर संबंध बन गए जो उसके ससुराल के गांव का ही रहने वाला था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला हाल में अपने मायके आई थी और अशोक बृहस्पतिवार को कथित तौर पर उससे मिलने मैंदा गांव पहुंचा था।
उन्होंने बताया कि महिला के परिवार वालों ने उसे कथित तौर पर बंधक बना लिया और फोन पर उसके माता-पिता को इसकी सूचना दी।
अधिकारी के मुताबिक, अशोक के पिता गांव पहुंचे और महिला के परिवार के साथ बातचीत की। आरोप है कि महिला के परिवार ने उसकी दोबारा शादी अशोक के साथ कराने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की।
बाद में युवक कमरे के भीतर फंदे से लटका पाया गया।
इसके बाद अशोक के पिता ने बिंझारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनके बेटे की हत्या महिला के परिवार वालों ने की है।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस ने कहा कि घटना के बाद से महिला और उसके परिवार के सदस्य गांव से फरार हैं।
भाषा सुमित सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
