scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशओडिशा एसआरसी ने लू की आशंका को देखते हुए एहतियाती उपाय करने का सुझाव दिया

ओडिशा एसआरसी ने लू की आशंका को देखते हुए एहतियाती उपाय करने का सुझाव दिया

Text Size:

भुवनेश्वर, 12 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) सत्यव्रत साहू ने राज्य में लू की स्थिति और पानी की कमी से निपटने के लिए बुधवार को सभी जिलाधिकारियों को एहतियाती उपाय करने और जरूरतमंद एवं गरीब लोगों के लिए आश्रय स्थल बनाने को कहा है।

इस सप्ताह के अंत तक ओडिशा के कुछ जिलों में लू की स्थिति पैदा होने संबंधी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की चेतावनी के बाद एसआरसी ने यह निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जाने चाहिए कि लू की स्थिति के कारण किसी व्यक्ति की मौत नहीं हो और यदि इस संबंध में कोई सूचना प्राप्त होती है या मीडिया में खबर आती है, तो इसकी तुरंत जांच की जानी चाहिए और इसकी सत्यता की सूचना तुरंत आयुक्त कार्यालय को दी जानी चाहिए।

आईएमडी ने कहा है कि उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण ओडिशा के कुछ जिलों में कई स्थानों पर अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री की वृद्धि होने का अनुमान है।

साहू ने जिलाधिकारियों को लिखे पत्र में कहा कि भीषण गर्मी की लहर कुछ और दिनों तक जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने और वर्तमान स्थिति को देखते हुए उचित एहतियाती उपाय करने को कहा है।

उन्होंने पत्र में कहा कि शहरी आश्रय स्थलों, सामुदायिक भवनों और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य सार्वजनिक इमारतों का उपयोग बेघर एवं जरूरतमंद लोगों के लिए आश्रय स्थल के रूप में किया जा सकता है।

भाषा अविनाश देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments