भुवनेश्वर, तीन अप्रैल (भाषा) ओडिशा के नयागढ़ जिले में एक त्योहार के लिए पटाखे बनाते समय शुक्रवार को हुए विस्फोट में एक नाबालिग सहित कम से कम छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना नुगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोराडा गांव में हुई।
दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को नुगांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें जिला मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां एक स्थानीय निवासी ने कहा, ‘‘भीषण विस्फोट से हमे गहरा धक्का लगा। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग तथा पुलिस को सूचना दी।’’
नुगांव थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस की एक टीम को गांव भेजा गया और जांच शुरू कर दी गई है।’’
जिले के इटामाटी इलाके में वर्ष 2016 में भी इसी तरह की एक घटना हुई थी और तब पटाखों में हुए विस्फोट में कम से कम नौ लोगों की जान चली गई थी।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.