अहमदाबाद, 21 मार्च (भाषा) ओडिशा सरकार ने गुजरात के अहमदाबाद में तीन दिवसीय सांस्कृतिक और पर्यटन प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया है, जिसकी शुरुआत शनिवार को हुई।
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने यहां गुजरात विश्वविद्यालय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित ओडिशा परब 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि इस आयोजन में आने वाले आगंतुक ओडिशा की जीवंत परंपराओं, कलात्मक अभिव्यक्तियों और पर्यटन क्षमता का अनुभव करेंगे, क्योंकि इसमें संस्कृति, व्यंजन, शिल्प, हथकरघा और पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन एक ही छत के नीचे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘ओडिशा परब’ 23 मार्च तक सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक जनता के लिए खुला रहेगा। ओडिशा सरकार के पर्यटन विभाग की इस पहल का उद्देश्य भारत के प्रमुख शहरों में राज्य की संस्कृति और परंपराओं के पहलुओं को प्रस्तुत करना है।
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक,‘‘इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण ओडिशा के कुशल कारीगरों द्वारा सजीव शिल्प प्रदर्शन होगा, जिससे आगंतुकों को पारंपरिक शिल्प कौशल को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलेगा। समर्पित शिल्प और हथकरघा स्टॉल ओडिशा के प्रसिद्ध वस्त्रों और हस्तशिल्पों का प्रदर्शन करेंगे, जिनमें हाथ से बुने हुए कपड़े, पारंपरिक कलाकृति और जीआई-टैग वाले उत्पाद शामिल हैं।’’
परिडा ने कहा, ‘‘जब हम ओडिशा में होते हैं, तो हमें गुजरात दूसरा घर लगता है, और इसी तरह, गुजरात, विशेष रूप से सूरत जैसे शहर, यहां के बड़े उड़िया समुदाय के कारण ‘मिनी ओडिशा’ जैसा लगता है।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.