scorecardresearch
Friday, 3 July, 2026
होमदेशओडिशा: 15वीं सदी के कवि की स्मृति में कॉरिडोर बनाया जाएगा

ओडिशा: 15वीं सदी के कवि की स्मृति में कॉरिडोर बनाया जाएगा

Text Size:

भुवनेश्वर, तीन जुलाई (भाषा) ओडिशा सरकार लगभग 500 वर्ष पहले देवी महालक्ष्मी पर धार्मिक ग्रंथ लिखने वाले ओड़िया कवि बलराम दास की स्मृति में ‘लक्ष्मी पुराण कॉरिडोर’ विकसित करेगी। राज्य के उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने यह जानकारी दी।

उपमुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और स्वच्छता का संदेश फैलाने के लिए 15वीं सदी के कवि द्वारा लिखित ‘लक्ष्मी पुराण’ की लगभग एक करोड़ प्रतियां पूरे राज्य में वितरित करेगी।

परिदा ने पुरी जिले के गोप क्षेत्र में ‘द एपिक ऑफ शक्ति वंदना– बलराम दास लक्ष्मी पुराण’ शीर्षक से आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में भाग लेने के दौरान यह घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘लक्ष्मी पुराण कॉरिडोर’ के लिए रूपरेखा पहले ही तैयार की जा चुकी है।

राज्य सरकार ने गोप ब्लॉक के बेगुनिया गांव में बलराम दास के स्मारक स्थल पर इस कॉरिडोर के विकास के लिए लगभग 28 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया है।

परिदा ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना ‘लक्ष्मी पुराण’ को लोकप्रिय बनाने के साथ-साथ पर्यटकों के बीच ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

‘लक्ष्मी पुराण’ में भगवान विष्णु की अर्द्धांगिनी देवी महालक्ष्मी का वर्णन किया गया है।

ओडिशा में भगवान विष्णु की पूजा भगवान जगन्नाथ के रूप में की जाती है।

भाषा जितेंद्र वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments