भुवनेश्वर, 28 फरवरी (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि राज्य में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 3.36 लाख से अधिक लड़कियां ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान से लाभान्वित होंगी।
माझी ने यह बात राज्यव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कही, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर में औपचारिक रूप से शुरू किया था।
यह बताते हुए कि यह टीकाकरण अभियान कोई साधारण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाना है, माझी ने कहा कि ओडिशा में 14 से 15 साल आयु वर्ग की लगभग 3.36 लाख लड़कियों को तीन महीने की अवधि में टीका लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह टीका प्रारंभिक चरण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, उपमंडल अस्पतालों और जिला मुख्यालय अस्पतालों में उपलब्ध कराया गया है। दूसरे महीने से इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक विस्तारित किया जाएगा। यह टीका पूरी तरह से निःशुल्क है।
माझी ने यह भी बताया कि कैंसर से निपटने के लिए 2026-27 के बजट में ‘मुख्यमंत्री कैंसर उपचार कार्यक्रम’ की घोषणा की गई है। इसके तहत व्यापक जन जागरूकता के साथ-साथ गांवों में जांच और मोबाइल शिविरों के माध्यम से शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और गोपबंधु जन आरोग्य योजना के तहत ओडिशा के लिए विशेष रूप से 121 कैंसर उपचार पैकेज भी तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए इस अवसर पर 28 नयी एम्बुलेंस भी समर्पित कीं। इससे पहले, दो चरणों में 400 एम्बुलेंस समर्पित की जा चुकी हैं। अब राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में 428 नयी एम्बुलेंस शामिल की गई हैं। माझी ने बताया कि राज्य सरकार ने इसके लिए अपने कोष से 111 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने कहा कि गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव के लिए इस टीके का बाजार मूल्य 4,000 रुपये है, जबकि प्रधानमंत्री ने हमारी लड़कियों को यह टीका मुफ्त में उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
भाषा प्रशांत सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
