scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशएनपीपी अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र का मुद्दा हल करेगी: मेघालय के मुख्यमंत्री

एनपीपी अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र का मुद्दा हल करेगी: मेघालय के मुख्यमंत्री

Text Size:

तुरा, 13 मार्च (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) अनुसूचित जनजाति प्रमाणपत्रों से संबंधित मुद्दों को हल करेगी और लोगों की सेवा करना जारी रखेगी, साथ ही उन्होंने गारो हिल्स क्षेत्र में हाल ही में हुई अशांति के मद्देनजर समुदायों के बीच एकता और भाईचारे का आह्वान किया।

इस इलाके में हुई झड़प में दो लोगों की मौत हो गई थी।

संगमा ने यहां पार्टी के नेताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनपीपी अपने संस्थापक पी. ए. संगमा के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध रहेगी और लोगों के कल्याण के लिए काम करना जारी रखेगी।

पश्चिम गारो हिल्स जिले के मुख्यालय तुरा में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एनपीपी अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र का मुद्दा हल करेगी। हम समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करना जारी रखेंगे।’’

पश्चिमी गारो हिल्स के चिबिनांग में मंगलवार तड़के पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। यह घटना गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएसीडी) चुनाव के लिए गैर-गारो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के प्रयास के विरोध में आदिवासी गारो समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा किए गए प्रदर्शनों के दौरान भड़की हिंसा के बीच हुई।

तुरा और क्षेत्र के अन्य स्थानों में आगजनी, नागरिकों पर हमले और बड़ी भीड़ के इकट्ठा होने की कई घटनाएं सामने आईं।

मेघालय उच्च न्यायालय ने जीएचएसीडी चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के मकसद से अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र को अनिवार्य बनाने वाली अधिसूचना को मंगलवार को रद्द कर दिया, जिसके कारण हिंसा भड़की थी।

इस अधिसूचना का उद्देश्य जीएचएडीसी चुनावों में गैर-आदिवासियों को भाग लेने से रोकना था, जो सात दशकों से अधिक समय से जारी प्रथा से अलग था।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट रहने और पार्टी को और मजबूत करने का आग्रह किया।

संगमा ने कहा, ‘‘कोई भी एनपीपी के मनोबल को कमजोर नहीं कर सकता। आइए हम एकजुट होकर पार्टी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करें।’’

शांति और सद्भाव की अपील करते हुए उन्होंने समुदायों के बीच क्षमा और एकता के महत्व पर भी जोर दिया।

भाषा यासिर प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments