scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमदेशअब सभी रेलगाड़ियों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे ‘चक्र’ पुरस्कार विजेता

अब सभी रेलगाड़ियों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे ‘चक्र’ पुरस्कार विजेता

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (भाषा) सरकार ने ‘चक्र’ श्रेणी के वीरता पुरस्कार पाने वालों के लिए मुफ्त ट्रेन यात्रा की सुविधा का विस्तार सभी रेलगाड़ियों (वंदे भारत सहित) तक कर दिया है। इसके लिए उनके मौजूदा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी साझा की।

इसने कहा, ‘‘वीरता का सम्मान करते हुए, एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल के तहत, रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय के साथ परामर्श करके ‘चक्र’ श्रेणी के पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा को बढ़ा दिया है।’’

सेना ने कहा, ‘‘यह सुविधा अब वंदे भारत सहित सभी रेलगाड़ियों में उपलब्ध है, और इसमें संबंधित लोगों के मौजूदा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।’’

इसने कहा कि यह पहल देश के ‘‘योद्धाओं’’ के साहस, बलिदान और सेवा का सम्मान करने, तथा राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को मान्यता देने की एक ‘‘साझा प्रतिबद्धता’’ को दर्शाती है।

वीरता पुरस्कारों की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, आजादी के बाद सरकार द्वारा शुरू किए गए पहले तीन वीरता पुरस्कार परम वीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र थे। इनकी शुरुआत 26 जनवरी 1950 से हुई थी, लेकिन इन्हें 15 अगस्त 1947 से प्रभावी माना गया।

इसके बाद, तीन अन्य वीरता पुरस्कार शुरू किए गए।

इन छह पुरस्कारों का वरीयता क्रम इस प्रकार है: परम वीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र।

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments